अभी साथ हैं पुष्प सुगंधित
तितली भँवरे कलियां माला
सुन बेटी इक बात पते की
जीवन है संघर्षों वाला
खेल खिलौने खेल खेल में
जैसे तू हँसती आई
फिक्र छोड़कर हार जीत की
मुस्कानों में बसती आई
आगे चलकर ऐसे ही नित
जीवन में तू खिलती रहना
देख चिरैया अंगनाई में
चूं चूं यही चहकती आई।
चाँद सुनहरा आसमान से
गीत सुनाता है मतवाला
सुन बेटी इक बात पते की
जीवन है संघर्षों वाला।
राह तेरी आसान न होगी
फूलों का वरदान न होगी
किंतु जब तक पांव चुभे न
कांटों से पहचान न होगी
दूषित दृष्टि प्रदूषित वाणी
चारो ओर दुष्ट खलगामी
अंगारे पथ में फैलाकर
पाश रचेंगे बहुआयामी।
लक्ष्मीबाई दुर्गा काली
कहे गार्गी,सिया, अपाला
सुन बेटी इक बात पते की
जीवन है संघर्षों वाला।
आंखें तो सुंदरता के ही
दृश्य देखना चाहेंगी
तुम लेकिन संघर्षों पर
अपनी दृष्टि निरंतर रखना।
धर्मसूत्र बन पावनता का
ज्ञान नित्य जो मन भरमाए
आत्मसात करने से पहले
साविवेक सौ बार परखना।
नियम नीति के पीताम्बर में
अनुचित हो सकता है उजाला
सुन बेटी इक बात पते की
जीवन है संघर्षों वाला।
निश्चित ही कल हम न होंगे
साथ तुम्हारे जीवन में
और न बोल हमारे होंगे
गुंजित मन के मधुबन में
फिर भी तुम मायूस न होना
न ही अपना धीरज खोना
तुम हो जिज्ञासा जीवन की
अंतर्मन से नीरज होना।
माँ बाबा के हृदय कंठ की
हो अनमोल मौक्तिक माला
सुन बेटी इक बात पते की
जीवन है संघर्षों वाला।